म्यांमार में भूकंप से तबाही, मरने वालों की संख्या 167 हुई
नेपीडॉ– म्यांमार में आए भीषण भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 167 हो गई है, जिसमें से 163 मौतें म्यांमार में हुई हैं। इसके अलावा, 300 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पड़ोसी देश थाईलैंड में भी इस भूकंप का असर देखने को मिला, जहां चार लोगों की मौत हुई और 68 लोग घायल हुए। चीन में भी दो लोगों के घायल होने की खबर है।
संयुक्त राज्य भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, शुक्रवार को म्यांमार में लगातार दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिनकी तीव्रता क्रमशः 7.7 और 6.4 मापी गई। इनका केंद्र म्यांमार के मध्य क्षेत्र में, मोन्यवा शहर से लगभग 50 किलोमीटर पूर्व में स्थित था।
भूकंप के कारण म्यांमार के मंडाले में स्थित ऐतिहासिक आवा ब्रिज पूरी तरह ढह गया। इसके अलावा, एक मस्जिद आंशिक रूप से ध्वस्त हो गई, जिससे कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। राजधानी नेपीडॉ और अन्य प्रभावित इलाकों में कई इमारतें गिर गईं और सड़कें फट गईं, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एक अस्पताल ने खुद को "मैस कैजुअल्टी एरिया" घोषित कर दिया, क्योंकि घायलों की संख्या लगातार बढ़ रही थी और चिकित्सा सुविधाएं कम पड़ रही थीं। इस आपदा के बाद, म्यांमार की सत्तारूढ़ जुंटा सरकार ने एक दुर्लभ कदम उठाते हुए अंतरराष्ट्रीय सहायता की मांग की है।
भूकंप से प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है, लेकिन गंभीर क्षति के कारण कई जगहों पर मदद पहुंचने में मुश्किलें आ रही हैं। स्थानीय प्रशासन और राहत संगठनों ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।